संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा में एक युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से हुई मौत की अभी पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है और किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। इस मामले में अभी पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। मृतक शाहरुख सिविल इंजीनियर था और उसका शव खेत पर पड़ा मिला था। सूचना पाकर सीओ सादाबाद बह्म सिंह व चंदपा पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शाहरुख की 22 मई को शादी होनी थी। शुक्रवार से लोग पीली चिट्ठी भी लेकर आए थे।
इसी महीने की 27 अप्रैल को उसकी सगाई का कार्यक्रम होना था। शाहरुख की मौत के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन के माध्यम से भी उसकी मौत के कारण भी जुटाने में लगी है। वहीं गांव में उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल का कहना है कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।