सीडीओ के स्टेनो से लूट की सूचना पर पुलिस में खलबली मच गई। मामला शनिवार देर रात का है। पुलिस मौके पर पहुंंची तो स्टेनो की कार क्षतिग्रस्त मिली। पुलिस के अनुसार मारपीट का मामला है। रविवार को पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सीडीओ पीएन दीक्षित के स्टेनो शैलेश ने शनिवार रात लगभग 11.30 बजे पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार तीन लोगों ने उनसे मारपीट व लूटपाट की है। वे घटना के समय विकास भवन से लहरा रोड से होते हुए शहर की तरफ घर आ रहे थे। हमले में उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। लूट की सूचना मिलते ही कोतवाली हाथरस गेट एसएचओ नितिन कसाना मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लिया।
इधर, शैलेश की ओर से लूट व मारपीट की तहरीर दी गई। आरोप है कि हमलावर युवकों ने सोने की चेन व रुपये छीन लिए। एसपी के निर्देशन में पुलिस छानबीन में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की बाइक को ट्रेस कर लिया।
साथ ही दो युवकों को हिरासत में भी ले लिया, एक युवक लापता है। एएसपी रामानंद कुशवाह ने बताया कि छानबीन में मामला मारपीट का निकला है। पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि गाड़ी टकराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें दोनों ओर से मारपीट हुई थी। छानबीन की जा रही है।