फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस भर्ती परीक्षा: हाथरस में 19 केंद्रों पर हुई परीक्षा, पहले दिन 551 परीक्षार्थी रहे गैर हाजिर

Sat, 17 Feb 2024 11:44 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

हाथरस में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 19 केंद्रों पर हुई। 551 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाए गए। अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक स्कैनिंग कराई गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें पूरे दिन बंद रहीं।  परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों के मफलर, जैकेट, बेल्ट, महिलाओं के स्टॉल, सोने-चांदी के पहने हुए आभूषणों को उतरवाया गया।
विज्ञापन
सरस्वती इंटर कॉलेज के गेट पर महिला अभ्यर्थियों की होती चैकिंग - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाथरस में दो दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा की शुरुआत 17 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में यह परीक्षा हुई। इसमें 18217 परीक्षार्थियों को भाग लेना था। इसमें 17666 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 551 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। डीएम अर्चना वर्मा, एसपी निपुण अग्रवाल व अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विज्ञापन


18 फरवरी को जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होने ही है। परीक्षा के लिए शहर के डीआरबी इंटर कॉलेज, सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, एमएलडीवी पब्लिक स्कूल, सरस्वती महाविद्यालय, आरपीएम डिग्री कॉलेज कोटा रोड, रामबाग इंटर कॉलेज, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, माया इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, सीमेक्स इंटरनेशनल स्कूल, श्री नेहरु स्मारक भगवान दास इंटर कॉलेज मेंडू, बलवंत सिंह पब्लिक स्कूल सलेमपुर व आरबीएस पब्लिक स्कूल मुरसान को केंद्र बनाया गया है। 
विज्ञापन


परीक्षा केंद्रों पर लगाए जैमर, मोबाइल बने खिलौना
पुलिस भर्ती परीक्षा के समय मोबाइल फोन से अभ्यर्थी बात नहीं कर पाएंगे। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाए गए। अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक स्कैनिंग कराई गई। इसके अलावा नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों द्वारा लगातार अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

कोचिंग सेंटर व फोटो स्टेट की दुकानें रहीं बंद
यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें पूरे दिन बंद रहीं। इसके अलावा शहर के अलीगढ़ रोड, आगरा रोड व अन्य मार्गों पर स्थित कोचिंग सेंटर भी पूरे दिन बंद रहे। जिला प्रशासन द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए पहले ही परीक्षा वाले दोनों ही दिन कोचिंग सेंटर व फोटो स्टेट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए थे।

विज्ञापन

आभूषण, मफलर, जैकेट व बेल्ट व स्टॉल उतरवाए

परीक्षा से पहले सभी अभ्यर्थियों की खासी तलाशी ली गई। महिला पुलिस कर्मियों द्वारा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों के मफलर, जैकेट, बेल्ट, महिलाओं के स्टॉल, सोने-चांदी के पहने हुए आभूषणों को उतरवाया गया। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

परीक्षा केंद्रों के आसपास पूरे दिन रही चहल-पहल
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले के बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों के आसपास पूरे दिन खासी चहल-पहल दिखाई दी। सुबह से ही अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने को लेकर पहले अभ्यर्थियों में मारामारी मची रही। उसके बाद जब अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर गए तो उसके अभ्यर्थियों के अभिभावक परीक्षा छूटने का इंतजार करते रहे।
परीक्षा काफी अच्छी हुई है। प्रश्नपत्र में कल 150 सवाल आए थे। पूरा पेपर 300 नंबर का था। अंग्रेजी, गणित, इतिहास आदि के सवाल आए थे।-उत्कृर्ष तिवारी, परीक्षार्थी
प्रश्न पत्र में जीके, मैथ, अंग्रेजी व इतिहास सभी के बारे में थोड़ा-थोड़ा पूछा गया था। कुल मिलाकर सभी प्रश्नों का जवाब दिया। पेपर काफी अच्छा हुआ।-अमोल चौधरी, परीक्षार्थी
गणित के संबंध में पूछे गए कुछ सवालों से जरूर टेंशन हुई, लेकिन पेपर काफी आसान था। अधिकांश सभी प्रश्नों का जवाब दिया। इतिहास को लेकर काफी कुछ पूछा गया।-रेखा, परीक्षार्थी
वर्तमान में चल रही राजनीति से लेकर देश के इतिहास, गणित और अंग्रेजी के भी सवाल पूछे गए। कुल मिलाकर सभी से जुड़े प्रश्न पूछे गए। परीक्षा काफी अच्छी हुई है। -पूर्वा रावत, परीक्षार्थी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें