कस्बा के मोहल्ला जाटवान में शनिवार की रात करीब साढ़े 11 बजे एक दल के प्रत्याशी के समर्थकों और परिजनों द्वरा मतदाताओं को धन का वितरण किए जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि पुलिस को मौके पर कोई नहीं मिला। बताया जा रहा है कि पुलिस के आने की खबर पर यह लोग वहां से खिसक गए।
नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए चोरी-छिपे प्रत्याशी और उनके समर्थक तमाम हथकंडे अपना रहे हैं। कहीं साड़ी, कहीं मिठाई, कहीं नकदी तो कहीं अन्य कोई उपहार बांटने की शिकायतें पुलिस और प्रशासन को मिल रही हैं। शनिवार को भी ऐसी ही शिकायत पर कोतवाली पुलिस को दौड़ लगानी पड़ी।
कोतवाली प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि रात को एक दल के प्रत्याशी के समर्थन में उसके परिजनों व समर्थकों के द्वारा मतदाताओं को धन वितरण किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर कोई नहीं मिला। सभी प्रत्याशियों को दो दिन पहले चेतावनी भी दी जा चुकी है। अगर कोई प्रत्याशी या समर्थक गली-मोहल्ले में रात के वक्त दिखाई दिया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद