अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले 13 फरवरी को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि छात्राओं को किसी भी परिस्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। वह बेझिझक पुलिस की सहायता ले सकती हैं। एएसपी ने कहा कि समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है। उन्होंने छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और विभिन्न मामलों में पुलिस की कार्रवाई के प्रति उनकी जिज्ञासा को शांत किया। बतौर छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए।
एएसपी ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर बेहद सतर्क और सजग रहने की जरूरत है। छात्राएं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल सोच-समझकर करें। किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी भी तरह की विपरीत परिस्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लें।उन्होंने छात्राओं से चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो का नारा भी लगवाया।
एएसपी ने छात्राओं को साइबर क्राइम और महिला हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ एएसपी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या ममता उपाध्याय कौशिक ने बुके देकर अतिथियों का स्वागत किया। उप निरीक्षक सचिन चौधरी ने छात्राओं को साइबर अपराध और सोशल मीडिया संबंधी अपराधों के बारे में जानकारी दी और इनसे सचेत रहने की अपील की। उन्होंने छात्राओं को इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के टिप्स दिए।
साइबर सेल प्रभारी विपिन चौधरी ने छात्राओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, डायल 112, पॉक्सो एक्ट, अच्छे-बुरे स्पर्श के बारे में विस्तार से जानकारी दी कार्यक्रम का संचालन कुमुद शर्मा ने किया। इस दौरान मोनिका वार्ष्णेय, स्वेता सिंह, साधना सिंह, चमन शर्मा, देवेंद्र सिंह, दिनेश शर्मा आदि मौजूद थे।