्रसासनी कोतवाली में रविवार को दर्ज हुई छेड़खानी की रिपोर्ट में पुलिस डांसर के आने का इंतजार कर रही है। अलग-अलग स्थानों पर शो के कारण डांसर समय नहीं निकाल पा रहीं। उनके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाने हैं। वे सोमवार को नहीं आ सकीं थीं। सासनी पुलिस ने मंगलवार को भी उनके आने का इंतजार किया।
घटना तीन जून की है। सासनी के गांव नगला नाई में जन्मदिन कार्यक्रम में हरियाणवी डांसर को बुलाया गया था। यहां डांसर के साथ एक युवक ने अभद्रता कर दी थी, जिसकी प्रतिक्रिया में डांसर ने स्टेज पर ही युवक को थप्पड़ जड़ दिया था। अपशब्द भी कहे थे।
डांसर ने जब इस मामले की वीडियो अपने इंस्टा एकाउंट से वायरल की तो खलबली मच गई। पांच जून को पुलिस की ओर से बिना अनुमति कार्यक्रम कराने पर आयोजक तथा महिला से अश्लीलता करने पर आरोपी सुरेश कुमार निवासी नगला नाई के खिलाफ कार्रवाई की थी।
रविवार को डांसर सासनी कोतवाली पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस की ओर से छेड़खानी में रिपोर्ट दर्ज की गई तथा पीड़ित के बयान भी दर्ज किए गए। उन्हें सोमवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आ सकीं। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि कोर्ट में दर्ज बयानों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।