डिब्बा वाली गली में आंधीवाल गेस्ट हाउस में मंगलवार शाम को नवागत पुलिस कप्तान केशव चौधरी ने व्यापारियों और आम लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानने की कोशिश की। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि पुलिस को हर चौराहे पर एक शिकायत पेटिका लगाना चाहिए।
आमतौर पर व्यापारी और आम लोग थाने जाकर शिकायत करने से हिचकते हैं। अगर चौराहाें पर कंप्लेन बॉक्स लगा होगा तो लोग आसानी से अपनी बात पुलिस के सामने रख सकेंगे। एसपी ने बैठक के बाद सभी व्यापारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
ऐसा पहली बार हुआ जब आम लोगों और व्यापारियों के साथ पुलिस की बैठक पुलिस लाइन थाने में न होकर एक गेस्ट हाउस में की गई। यही वजह रही कि बैठक में उम्मीद से ज्यादा व्यापारियों ने शिरकत की। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस हर रोज चौराहों पर लगने वाले कंप्लेन बॉक्स में मौजूद शिकायतों को थाने ले जाए और फिर उनका निस्तारण करे।
इससे व्यापारी उन समस्याओं को भी सामने रख सकेंगे, जिन्हें लेकर वह आमतौर पर थाने जाकर शिकायत करने से संकोच करते हैं। कुछ व्यापारियों ने जाम की समस्या पुलिस कप्तान के सामने उठाई तो किसी ने नवीपुर में गर्ल्स डिग्री कॉलेज पर पुलिस तैनात करने की बात कही।
एक व्यापारी ने मंडी परिषद में पुलिस की तैनाती करने, तो एक व्यापारी ने जिले में जुआ और सट्टा पूर्ण रूप से बंद कराने की मांग की। संचालन शहर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में हाथरस गेट कोतवाल रजनेश तिवारी भी मौजूद रहे।
संवाद कार्यक्रम में अतुल आंधीवाल, अशोक बागला, योगा पंडित, मदन मोहन अपना वाले, मोहनलाल सर्राफ, बलवीर सिंह, अजय भारद्वाज, कपिल अग्रवाल, महादेव शरण अटल, कबाड़ी बाबा, अशोक गुप्ता, राजेश प्रधान बब्बल, पूरन पहलवान, नवीन अरोड़ा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।