मारपीट, फायरिंग के मामले को सुलझाने में लगी पुलिस
हींग फैक्टरी स्वामी के बेटे के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट, फायरिंग करने का मामला
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की शुरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के चामड़ गेट पर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझ गई है। पुलिस ने पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कई बिंदुओं पर पुलिस तहकीकात कर रही है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली सदर क्षेत्र के चामड़ गेट चौराहे पर शनिवार की देर शाम को अज्ञात बाइक सवार लोगों ने तनुज अग्रवाल और हींग कारोबारी संजय गौतम के बेटे अभिषेक गौतम के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि हमलावर तीन बाइकों पर सवार होकर आए थे और मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। यहां पर तनुज और अभिषेक घायल हो गए।
आरोपी फायरिंग करते हुए जलेसर रोड की ओर भाग गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। इस मामले में पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन पुलिस मामले में उलझ गई है। इंस्पेक्टर क्राइम डीके वर्मा ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। मारपीट और फायरिंग के पीछे के कारण को जानने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है, ताकि हकीकत सामने आ सके।