कचौरा की घटना के बाद हरकत में आया पुलिस प्रशासन
बागला कॉलेज के मैदान में खुले में लगी दुकानें हटवाई, अग्निशमन के साधन रखवाए
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कचौरा में आतिशबाजी बाजार में लगी आग से बाद स्थानीय प्रशासन यहां भी हरकत में आ गया। शहर के बागला कॉलेज मैदान पर लगी आतिशबाजी की दुकानों पर यह देखा गया कि वहां अग्निशमन के इंतजाम हैं या नहीं। खुले में लगी कुछ दुकानों को वहां से हटवा दिया गया।
सिकंदराराऊ के कचौरा में आतिशबाजी बाजार में शनिवार की दोपहर को भीषण आग लग गई। इससे वहां काफी नुकसान हो गया। इसकी जानकारी जब स्थानीय प्रशासन को मिली तो यहां भी पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। दुकानों के सामने ड्रम और बालू रखवाए गए। दुकानों पर शाम को ही अ ग्निशमन के लिए सिलेंडर आदि लगवाए गए। हालांकि कुछ ड्रम खाली थे तो कुछ आधे भरे हुए थे एक दमकल भी वहां खड़ी कराई गई। कॉलेज के मैदान से अलग दुकान लगा रहे एक दुकानदार को पुलिस ने हटा दिया। वहीं, शहर में इसके बाद भी घनी आबादी में आतिशबाजी की बिक्री होती दिखी।
घनी आबादी में बिक रही आतिशबाजी
हाथरस। पुलिस प्रशासन की सख्ती बागला कॉलेज के मैदान तक ही दिखी। शहर में कई घनी आबादियों व बाजारों में खुले आम आतिशबाजी की दुकानें सजी दिखी। इन पर अग्निशमन के साधन भी नहीं थे। ऐसे में यदि इन दुकानों की वजह से यहां भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं था।