कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव संगीला नगला बरी निवासी शैलेंद्र उर्फ पप्पू ने पुलिस पर पांच दिन तक हवालात में रखकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि भैंस चोरी की घटना कबूल कराने के लिए उसके साथ मारपीट की गई और बिजली का करंट लगाने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। शिकायत की प्रतियां राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राज्यपाल, डीजीपी और स्थानीय अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
23 अगस्त की रात गांव निवासी गजेंद्र की करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की भैंस चोरी हो गई थी। इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शैलेंद्र के अनुसार, वह दो सितंबर की सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोककर मारपीट की और जबरन शराब पिलाई। आरोप है कि इसके बाद धमकाकर उसका वीडियो बनवाया गया, जिसमें गांव के प्रकाश उर्फ पन्ना के साथ भैंस चोरी की बात कबूल कराई गई।
शैलेंद्र का आरोप है कि इसके बाद हाथरस गेट पुलिस उसे और प्रकाश को थाने ले गई। वहां भी चोरी कबूल कराने के लिए मारपीट और वीडियो बनाए गए। उसने चोरी से इनकार किया है।
वादी के शक जताने पर युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पांच दिन थाने में रखकर प्रताड़ित करने के आरोप गलत हैं। फिर भी शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है।- हिमांशु माथुर, सीओ सिटी