हाथरस। शारदीय नवरात्र पर्व के मौके पर दुर्गाष्टमी की धूम रही। शहर व देहात क्षेत्रों में दुर्गाष्टमी धूमधाम से मनाई गई। नवरात्र के आठवें दिन बुधवार को माता महागौरी की पूजा अर्चना हुई।
दुर्गा अष्टमी पूजन के बाद अष्टमी पूजने वाले भक्तों के यहां कन्या लांगुरा जिमाए गए। कन्या लांगुरा को दक्षिणा के अलावा कपड़े आदि भी दिए गए। देर रात तक दंडौती लगाने वाले भक्तों की भारी भीड़ लगी हुई थी। मुरसान गेट बौहरे वाली देवी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क के किनारे लोगों ने शिविर बनाकर प्रसादी का वितरण किया। भक्तों ने जल सेवा करने के लिए पानी की प्याऊ भी लगाई। शिविर में मां की मनोहारी झांकियां बनाई गई थीं। दंडौती परिक्रमा कर रहे भक्तों को चाय, पानी, बिस्कुट, खीर आदि का प्रसाद दिया जा रहा था।
किला गेट पथवारी देवी मंदिर से भी भारी संख्या में भक्तों ने बौहरे वाली देवी के लिए दंडौती परिक्रमा लगाई। अष्टमी पर शहर भर के देवी मंदिरों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। भोर की पहली किरण से ही देवी मंदिरों पर जल चढ़ाने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। रात को मनोहारी शृंगार देवी मंदिरों पर दर्शन करने के लिए देर रात तक भक्तों की लंबी लाइन लगी हुई थी। ।