हाथरस। शारदीय नवरात्र का आज आखिरी दिन हैं। नवमी और विजयादशमी एक ही दिन होने पर आज देवी भक्त माता रानी को विदाई देंगे। माता रानी की विदाई के साथ ही बुराई के प्रतीक रावण का भी पुतला दहन होगा। दशहरा पर्व को लेकर रामलीला महोत्सव के तहत शहर के एमजी पॉलीटेक्निक में बड़े रावण का पुतला दहन किया जाएगा।
भगवान राम अपनी सेना के साथ लंका पर चढ़ाई करेंगे और एमजी पॉलीटेक्निक में राम रावण का युद्ध होगा। एमजी पॉलीटेक्निक रावण दहन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। मैदान पर रावण के पुतले से भीड़ को दूर रखने के लिए बेरीकेडिंग करा दी गई है। रावण का पुतला भी लगभग पूरा हो चुका है। आज सुबह रावण का पुतला मैदान पर खड़ा कर दिया जाएगा। दशहरा पर्व पर एमजी पॉलीटेक्निक के साथ-साथ शहर के गली, मोहल्लों में भी रावण के पुतले का दहन होगा। बच्चों में रावण पुतला दहन को लेकर काफी उत्साह है। बच्चों ने गली, मोहल्लों में चंदा एकत्रित कर रावण का पुतला बनाया है।