मुरसान क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी कर लौट रही एक एजेंसी के ड्राइवर से तमंचे के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े 48 हजार रुपये की रकम लूट ली। मुरसान स्थित गैस एजेंसी के संचालक का कहना है कि सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी बुधवार सुबह दस बजे गांव अनोड़ा से लौट रही थी।
इसी बीच पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने एजेंसी की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। गाड़ी के ड्राइवर और साथ मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने तमंचा निकालकर ड्राइवर की कनपटी पर लगा दिया।
आरोपियाें की नजर ड्राइवर के हाथ में लगे 47,590 रुपये पर थी। तमंचा दिखाकर धमकाते हुए आरोपी यह रकम छीनकर ले भागे। दिनदहाड़े लूट की वारदात की खबर से पुलिस के होश उड़ गए। मौके पर कोतवाली पुलिस और एजेंसी संचालक पहुंच गए।
ड्राइवर और साथी कर्मचारी से पूछताछ शुरू कर दी गई। हालांकि बाद में पुलिस ने दोनाें को हिरासत में ले लिया। हालांकि इसके बाद एजेंसी संचालक ने पुलिस को दी अपनी शिकायत वापस ले ली। पुलिस ने ड्राइवर और दूसरे कर्मचारी को छोड़ दिया। इंस्पेक्टर छोटेलाल का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही थी। ड्राइवर और कंडक्टर के बीच कोई विवाद था। एजेंसी संचालक ने अपनी शिकायत वापस ले ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की वारदातें हर रोज सामने आ रही हैं। नाई के नगला में मस्जिद के ताले तोड़कर चोर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। वहीं मस्जिद के दरवाजे पर खून के निशान भी देखे गए हैं। यह मस्जिद पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं।
मस्जिद के हाफिज इनाम पुत्र शाहबुद्दीन निवासी नाई का नगला ने कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मंगलवार रात को चोरों ने मस्जिद का ताला तोड़कर एक बक्से में रखे डेढ़ हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह करीब छह बजे मस्जिद के इमाम हाफिज को चोरी का पता चला।
इमाम के मुताबिक टूटे हुए ताले देखने के दौरान ही उनकी नजर दरवाजे पर लगे खून के निशान पर गई। चोरी की बात पता चलने पर मोहल्ले के कई लोग इकट्ठे हो गए। इंस्पेक्टर कोतवाली सदर सूर्यकांत द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। द्विवेदी का कहना है कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।