लहरा रोड पर होता पाइप लाइन खुदाई का कार्य।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर में अमृत योजना के तहत डाली जा रही पाइप लाइन लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। शहर में जगह-जगह सड़क खुदी पड़ी हुई है। शहर के लहरा रोड पर पाइप डालने के बाद कार्यदायी संस्था ने सड़क को दुरुस्त नहीं किया है। इस कारण कई गांवों के लोगों को गंतव्य की दूरी तय करने में दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। लहरा निवासी समाजसेवी जनप्रिय शर्मा ने इस मामले की डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार से शिकायत की है। उन्होंने मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है।
केंद्र सरकार द्वारा लोगों को शुद्ध जल पहुंचाने के लिए अमृत योजना के तहत शहर भर के इलाकों में पाइप लाइन डलवाई जा रही है। कई इलाकों में ओवरहैड टैंक भी बनाए जा रहे हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा काम को पूरा करने की जल्दी में शहर के मुख्य मार्गों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। इससे लोग बेहद परेशान हैं। शहर से सटे लहरा रोड पर अमृत योजना के तहत डाली गई पाइप लाइन के बाद संस्था मरम्मत करना भूल गई है। बरसात में यहां जलभराव हो रहा है। इस कारण नगला हेमा, लहरा, बिछिया सहित कई गांवों के लोगों को राह तय करने में दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। इस मामले में समाजसेवी जनप्रिय शर्मा ने डीएम से शिकायत करते हुए जल्द से जल्द मार्ग को सही कराने की मांग की है।