हाथरस। मुरसान गेट पर सीवर लाइन बिछाने के दौरान पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन टूट गई। कहीं पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही तो कहीं घरों में गंदा पानी जा रहा है। एक माह से भी अधिक समय बीतने के बाद पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन ठीक नहीं कराई गई है, जिससे लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है।
वियजनगर चौराहे के निकट पानी बहने से कीचड़ हो गई है। आए-दिन कीचड़ और फिसलन के कारण अब तक कई लोग चुटैल हो गए हैं।
बता दें कि ओढ़पुरा तिराहे से मुरसान गेट गंदा कुआं तक पालिका द्वारा सीवर लाइन डालवाई गई है। सीवर लाइन डालने के दौरान कई जगह से पेयजल आपूर्ति की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। कई जगह तो पाइन लाइन ठीक करा दी गई है, लेकिन विजयनगर चौराहे पर एक माह बाद भी पेयजल आपूर्ति दुरुस्त नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के आगे गड्ढा हो रहा है। सुबह और शाम के समय गड्ढा पानी से भर जाता है और पानी बाहर बहता है, जिससे कीचड़ हो जाती है। लोगों को यहां से आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना था कि पालिका के अधिकारी व कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं। नगरपालिका प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। यही शीघ्र ही क्षतिग्रस्त पाइप लाइन दुरुस्त नहीं की गई तो पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में चेयरमैन और ईओ से भी फोन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।