बागला जिला अस्पताल की ओपीडी में बंद पड़ा चिकित्सक कक्ष। संवाद
- फोटो : samvad
बागला जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को फिजीशियन नहीं मिले। इस कारण मरीजों को दूसरे चिकित्सकों से परामर्श लेना पड़ा। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब एक हजार मरीज उपचार के लिए पहुंचे।
बागला जिला अस्पताल जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां जिले के कोने-कोने से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सीएचसी और पीएचसी से भी मरीजों को इस अस्पताल में रेफर किया जाता है। जिला अस्पताल में दो फिजीशियन की तैनाती है। शुक्रवार को दोनों में से एक भी फिजीशियन ओपीडी में मौजूद नहीं थे। इस कारण इनसे परामर्श लेने आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में मरीज तो बिना उपचार के ही लौट गए।
-
मरीजों के बोल-
मुझे उच्च रक्तचाप व घबराहट की परेशानी है। उपचार के लिए जिला अस्पताल आई हूं। यहां फिजीशियन मौजूद नहीं हैं। मजबूरन अन्य चिकित्सक से परामर्श लेना पड़ेगा।
- सूरजमुखी, मरीज, गदाखेड़ा।
-
मुझे खांसी की परेशानी है। डॉक्टर को दिखाने आई हूं। ओपीडी में फिजीशियन मौजूद नहीं हैं। अन्य चिकित्सक से परामर्श लेना पड़ेगा।
- सुमन, मरीज, विष्णुपुरी।
-
वर्जन-
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अवधेश अवकाश पर हैं। वहीं डॉ. वरुण चौधरी प्रशिक्षण में हैं। यही कारण है कि वह ओपीडी में नहीं रह सके। हमारा प्रयास है कि कोई भी मरीज अस्पताल से बिना उपचार और परामर्श के न लौटे।
- डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ हाथरस।