प्रशांत भारती
हाथरस। मेला श्रीदाऊजी महाराज में इस बार हरियाणवी क्वीन सपना चौधरी का जलवा देखने का सपना देख रहे प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा और भारी भीड़ के खौफ को देखते हुए हाथरस पुलिस-प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए छह अक्तूबर को होने वाले इस कार्यक्रम की अनुमति देने से साफ इन्कार कर दिया है।
इधर, कार्यक्रम संयोजक जय शर्मा का कहना है कि सपना चौधरी सहित सभी कलाकारों का आना तय हैं। शुक्रवार रात मेला पंडाल में आयोजित लाफ्टर शो में उम्मीद से कई गुना ज्यादा भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों का सैलाब संभालना पुलिस अधिकारियों के लिए लोहे के चने चबाने जैसा हो गया था। इसी हंगामे को देखकर सतर्क हुए प्रशासन को अहसास हो गया कि अगर सपना चौधरी जैसा बड़ा चेहरा मंच पर आया, तो हालात बेकाबू होना तय है।
चार हजार की जगह, 30 हजार की एंट्री का डर
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने साफ किया कि मेला पंडाल में महज 4,000 लोगों के बैठने की क्षमता है, जबकि सपना चौधरी के कार्यक्रम में 25 से 30 हजार से ज्यादा की भीड़ जुटने का पक्का अनुमान था। इतनी कम जगह में इतने बड़े सैलाब को संभालना सीधे-सीधे खतरे को दावत देना था।
सत्संग हादसे के खौफ से थर्राया तंत्र
प्रशासन के इस सख्त रुख के पीछे दो साल पहले सिकंदराराऊ में हुआ दर्दनाक सत्संग हादसा भी एक बड़ी वजह है। इस हादसे के जख्म अभी भरे नहीं हैं और अधिकारी अब रत्ती भर भी जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसी डर से अधिकारियों ने आयोजकों के बड़े प्लान पर पानी फेर दिया। संवाद
सपना चौधरी के कार्यक्रम में भीड़ अत्यधिक हो सकती है, इसलिए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई है। कार्यक्रम संयोजक को भी इस बारे में अवगत करा दिया गया है, वह वैकल्पिक व्यवस्था कर लें।
-सत्यप्रकाश पटेल, डीएम।