शहर के कई इलाकों में रविवार सुबह से विद्युत तार बदले जाने के साथ अन्य मरम्मत का कार्य किया गया। इस कारण इन इलाकों की बिजली करीब चार घंटे ठप रही। शहर के 12 से अधिक मोहल्लों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विद्युत महकमें क ओर से पूर्व सूचना के आधार पर शहर और ग्रामीण अंचल में कई जगह मरम्मत का कार्य किया गया। शहर के आगरा रोड पर बंच लाइन बदले जाने का काम किया गया। गांव कलवारी में भी बंच लाइन बलदने के काम में कर्मी जुटे रहे। जलकल संस्थान विद्युत उपकेंद्र और जलेसर रोड स्थित कांशीराम टाउनशिप उपकेंद्र पर विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य किया गया। सुबह करीब 11 बजे विद्युत आपूर्ति बंद की गई। अधिकांश जगह दोपहर करीब तीन बजे आपूर्ति सुचारू कर दी गई। कुछ जगह शाम पांच व छह बजे तक भी आपूर्ति बंद रखी गई। इस कारण शहर के आगरा रोड, कलवारी रोड, ढकपुरा, जोगीपुरा, आदर्श नगर, पुलिस लाइन, गणेश गंज, नगला चौबे, गोशाला रोड, कांशीराम कॉलोनी, जलेसर रोड सहित कई इलाकों में लोगों ने दिक्कतें झेलीं। गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति बंद रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 1200 परिवारों ने बिजली न होने से दिक्कतों का सामना किया।
आज सुबह से ही बिजली बंद है। रविवार होने के कारण काफी काम निपटाने थे, लेकिन अब कुछ हो ही नहीं पा रहा। बताया जा रहा है कि तीन बजे बिजली आएगी। उसके बाद ही कुछ काम किए जा सकेंगे।
-भीकम सिंह निवासी तरफरा रोड।
शहर में विद्युत लाइनों की हालत काफी खराब है। आज भले ही लगातार चार पांच घंटे बिजली बंद होने से दिक्कत हो रही है, लेकिन बेहतर है कि बार-बार तारों में खराबी के कारण बिजली बंद नहीं होगी। आज थोड़ी परेशानी झेल रहे हैं।
-सौरभ अग्रवाल निवासी आगरा रोड।