सादाबाद में टीवी पर रामायण देखते लोग।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
लॉक डाउन के बीच बंद बाजार और सन्नाटे के बीच लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। कोई परिजनों के साथ गपशप कर समय व्यतीत कर रहा है तो कोई बच्चों के साथ विभिन्न प्रकार के खेल खेलकर दिन काट रहा है। कई जगह तो लोग परिवार सहित टीवी देखकर टाइम पास कर रहे हैं। डीडी वन पर शुरू हुए धारावाहिक रामायण को भी पहले दिन काफी लोगों ने टीवी पर देखा।
लॉक डाउन ने आम लोगों की दिनचर्या को काफी बदल दिया है। अब लोग सुबह देरी से सोकर जाग रहे हैं और उठकर अखबार पढने के बाद टीवी देख रहे हैं। बच्चे अपने मनपसंद टीवी प्रोग्राम देख रहे हैं तो बड़े लोगों का पूरा दिन टीवी पर कोरोना की न्यूज देखते ही निकल रहा है। कई जगह परिवार सहित मनपसंद मूवी देखी जा रही है। यही नहीं कई जगह अभिभावक बच्चों के साथ कैरम, लूडो, क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं। मोबाइल पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का समय भी अब बढ़ गया है। हाथरस रोड स्थित मकान में अपने परिवार के साथ टीवी देख रहे डैनी वार्ष्णेय ने बताया कि क्या करें लॉक डाउन की वजह से व्यापार बंद है, घर पर ही परिवार के साथ टीवी देखकर समय व्यतीत किया जा रहा है। इसी तरह हरीशंकर गिरी एडवोकेट बोले कि टीवी पर रामायण का पहला एपीसोड आया था, परिवार सहित पूरा एपीसोड देखा। इसी तरह समय पास किया जा रहा है। बिसावर मेें भी परिवार के लोग बच्चों के साथ लूडो खेलकर समय पास कर रहे हैं। कई जगह लोग घरेलू कार्यों में भी हाथ बंटा रहे हैं।