संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
हेलो...बाहर से आया पड़ोसी खांस रहा है, टीम भेजिए सर, जी हां तहसील सादाबाद के कंट्रोल रूम और स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी के मोबाइल पर इस तरह की फोन कॉल्स लगातार आ रही हैं। कोरोना को लेकर दहशत और डर का माहौल बना हुआ है। पड़ोस में किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने की सूचना अधिकारियों तक पहुंच रही है। ऐसे में सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दिनों दिन बाहरी शहरों से सादाबाद में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सादाबाद क्षेत्र में लगातार लोगों का बाहरी शहरों से अपने घर लौटने का दौर लगातार जारी है। ऐसे में जो लोग दिल्ली, नोएडा, मुंबई, महाराष्ट्र, पुणे, आगरा आदि शहरों से आ रहे हैं, उनकी सूचना खुद उनके पड़ोसी लोग कंट्रोल रूम को दे रहे हैं। गांव और गली में घुसने से पहले ही उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने के लिए कहा जा रहा है, जिस वजह से बाहरी शहरों से आ रहे लोग घर में घुसने से पहले ही सादाबाद सीएचसी पर पहुंच रहे हैं और अपनी जांच करा रहे हैं। शनिवार को भी सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 164 लोगों ने अपनी जांच कराई। इनमें से तीन लोगों को जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। एचईओ रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बाहर से आने वाले हर व्यक्ति को कोरोना नहीं होता। सीएचसी पर जांच के लिए आए काफी लोगों का होम क्वारंटीन किया गया। उनसे कहा गया है कि 14 दिन में बीमारी का कोई लक्षण दिखे तो तुरंत उपचार के लिए अस्पताल जाएं।