संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लाभ पा रहे लाभार्थियों का सत्यापन किया गया है। सत्यापन में 1442 मृतक व 162 अपात्र पेंशनार्थी पाए गए हैं। अब विभाग की ओर से इन पेंशनार्थियों का डाटा पोर्टल से खत्म किए जाने का कार्य किया जा रहा है। इन मृतकों के नाम से पेंशन ली जा रही थी और अपात्र भी पेंशन का लाभ ले रहे थे।
शासन के निर्देश पर वित्तीय वर्षवार पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन किया जाता है। समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लाभ ले रहे 29,445 लाभार्थियों का सत्यापन विभाग की ओर से कराया गया। सत्यापन नगर निकायों व ब्लॉक स्तर के माध्यम से कराया गया। सत्यापन में पता चला है कि 1,442 मृतकों के नाम से पेंशन का लाभ लिया जा रहा था। इनके खातों में लगातार पेंशन जा रही थी। वहीं सत्यापन में 162 अपात्र पाए गए। इन सभी का ब्योरा एकत्रित कर लिया गया है। विभाग की ओर से मृतक व अपात्रों का डाटा पोर्टल से हटाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। नए आवेदनों की बारीकी जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि मृतकों के मृत्यु प्रमाण पत्र रिपोर्ट में संलग्न कराए गए हैं। मृतकों व अपात्रों का डाटा पोर्टल से हटाया जा रहा है। नए आवेदनों की जांच बारीकी करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।