अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर लगभग 6.32 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जएगा। रेलवे की ओर से इसके तहत होने वाले कार्याें का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिसमें सौर ऊर्जा पैनल के साथ वातानुकूलित प्रतीक्षालयों की सुविधा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर भवन के क्षेत्र में आधुनिक तरीके से सुदृढ़ कर सर्कुलेटिंग परिसर, यातायात संचालन एवं पार्किंग क्षेत्र का विकास किया जाएगा। यात्री प्रतीक्षालयों के उन्नयन कार्य करते हुए आंतरिक साज-सज्जा सहित प्लेटफार्मों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में सुधार और टॉयलेट ब्लॉक का प्रावधान किया जाएगा।
प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर कोच गाइडेंस प्रणाली, तीन लाइन सिंगल फेस ट्रेन इंडीकेशन बोर्ड, यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी प्रदान करने के लिए प्लेटफार्मों पर सिंगल लाइन डबल फेस ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड और पैदल उपरिगामी पुल पर एट-ए-ग्लांस बोर्ड लगाया जाएगा। स्टेशन पर प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग परिसर में एलईडी फिटिंग्स के साथ चार मीटर का अष्टकोणीय खंभा व एलईडी साइनेज, स्टेशन नाम बोर्ड सहित एलईडी ल्यूमिनेयर फिटिंग्स, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट प्वाइंट और स्टेशन भवन के छत पर सौर ऊर्जा पैनल लगाए जाएंगे। प्रतीक्षालय में वातानुकूलित यंत्र लगाया जाएगा।
अभी तक वीआईपी प्रतीक्षालय में था वातानुकूलित संयंत्र
सिटी रेलवे स्टेशन पर कुल चार प्रतीक्षालय हैं, जिसमें एक सामान्य श्रेणी, दो शयनयान व उच्च श्रेणी के प्रतीक्षालय हैं। इसके साथ ही एक वीआईपी प्रतीक्षालय है, जिसमें पहले से वातानुकूलित संयंत्र लगा हुआ है।
लगभग दो किलोवाट सौर ऊर्जा है उपलब्ध
हाथरस सिटी स्टेशन पर प्रकाश व्यवस्था के साथ यात्री सुविधाओं के लिए अन्य कुछ संयंत्र लगभग दो किलोवाट के सौर ऊर्जा उपकरण से चलाए जाते हैं। यह विद्युत आपूर्ति बाधित होनेे पर काम करते हैं, लेकिन ये स्टेशन परिक्षेत्र के हिसाब से नाकाफी हैं। अगर क्षमता विस्तार के साथ सौर ऊर्जा प्लांट लगाया जाता है तो यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक होगा।
पहले से मौजूद हैं कई एलईडी व लाइन डिस्प्ले
हाथरस सिटी स्टेशन पर पहले से यात्रियों को ट्रेन आवागमन की जानकारी देने वाले दो डिस्प्ले मौजूद हैं। कई एलईडी टीवी भी मौजूद हैं। अमृत स्टेशन योजना में फुट ओवरब्रिज पर भी डिस्प्ले लगाए जाएंगे। एक साल पहले ही स्वीकृत हुए कोच डिस्प्ले की सुविधा को प्लेटफार्म नंबर एक पर दिया जाना काफी सुविधाजनक होगा।