लोकसभा चुनावों में सुरक्षा व्यवस्था पैरामिलिट्री के हवाले रहेगी। जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती होगी। छत्तीसगढ़ की पैरामिलिट्री सीपीएमएफ की एक कंपनी रविवार को यहां पहुंची। फोर्स जल्द ही शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च करेगी।
रविवार को कंपनी के कमांडेंट ने डीएम और एसपी से मिलकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी की। स्थानीय पुलिस के साथ यह जवान समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के अलावा पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर भी कड़ी चौकसी बरती जाएगी।
जल्द ही पैरामिलिट्री के जवान जिले के विभिन्न हिस्सों में तैनात हो जाएंगे। फोर्स की तैनाती से जवानों की तैनाती अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों एवं सीमा पर बने बैरियरों पर होगी। जिले में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रशासन ने चुनाव आयोग से अर्धसैनिक बलों की 49 कंपनी दिए जाने की मांग की है।
वहीं 2800 होमगार्ड, 2800 यूपी पुलिस के सिपाही और हेड कांस्टेबल भी मांगे गए हैं। यह डिमांड बीते चुनावों से 20 फीसदी ज्यादा है। एक अतिसंवेदनशील केंद्र पर छह पैरामिलिट्री जवान, एक पुलिस कर्मी की तैनाती रहेगी। जबकि संवेदनशील बूथों पर एक हेड कांस्टेबल, एक कांस्टेबल, नॉमर्ल बूथों में एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड का जवान तैनात होगा, जबकि पुलिस बैरियरों पर छह जवान पैरा मिलिट्री के तैनात रहेंगे।