हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों का जायजा लेते डिप्टी जीएम अतुल कुमार मिश्रा। संवाद
- फोटो : Samvad
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के उप महाप्रबंधक अतुल कुमार मिश्र ने हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चल रहे पुनर्विकास और यात्री सुविधा कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी जीएम ने स्टेशन परिसर में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों की प्रगति देखी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जल्द से जल्द कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा नवनिर्मित प्रतीक्षालय और वेटिंग हॉल का जायजा लिया तथा यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की टंकियों से समय-समय पर नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
कर्मचारियों के लिए बनेंगे 24 नए आवास
डिप्टी जीएम ने बताया कि हाथरस जंक्शन पर रेलवे कर्मचारियों की सुविधा के लिए दो दर्जन नए आवास बनाए जाएंगे। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के लिए अलग से बड़ा पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा।
नई मुख्य इमारत के लिए करना होगा इंतजार
स्टेशन की नई मुख्य इमारत के निर्माण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। विकास परियोजनाओं के तहत कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान टूंडला और अलीगढ़ से आए वरिष्ठ रेल अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।