हाइवे पर स्टंट करता युवक। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : Social Media
सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में अपनी और राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाले एक सिरफिरे बाइक स्टंटबाज का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हुई और शनिवार की दोपहर उसे दबोच लिया।
आरोपी की बाइक को भी सीज कर दिया गया है। शनिवार की सुबह वायरल वीडियो में युवक हाथरस के मथुरा-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा था।
सार्वजनिक सड़क पर बिना किसी सुरक्षा के किए जा रहे इस स्टंट से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था। मामला सामने आते ही स्थानीय लोगों ने वीडियो शेयर करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
वीडियो की जानकारी पर एसपी ने साइबर सेल व कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को लगाया। पुलिस युवक की इंस्टाग्राम आईडी तक पहुंच गई और फिर उससे युवक तक। पुलिस ने रतनगढ़ी, हाथरस जंक्शन के इमरान को गिरफ्तार किया। स्टंट में इस्तेमाल की गई बाइक को सीज कर दिया गया है। यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।