जिले में गरीबी उन्मूलन के लिए संचालित जीरो पाॅवर्टी अभियान विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। इसके तहत चिह्नित किए गए 32,894 गरीब परिवारों को पिछले एक साल से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह संबंधित विभागों द्वारा उनका सत्यापन पूरा नहीं किया जाना है। जिलाधिकारी ने इस सुस्ती पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी विभागों को जल्द से जल्द सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
जीरो पाॅवर्टी अभियान के अंतर्गत कुल 16 योजनाओं के लाभ के लिए जिले के 55,152 गरीब परिवारों को सर्वे में शामिल किया गया था। इनमें से 32,894 परिवारों का सत्यापन अब तक लंबित है। विभागों द्वारा किए गए अब तक के सत्यापन में केवल 9,684 परिवार ही पात्र पाए गए हैं, जबकि 10,740 परिवारों को अपात्र घोषित कर दिया गया है।
हैरानी की बात यह है कि जो परिवार पात्र पाए गए हैं, उन्हें भी लाभ देने में विभाग सुस्ती बरत रहे हैं। पात्र मिले 9,684 परिवारों में से अब तक मात्र 1,834 परिवारों को ही योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सका है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि शत-प्रतिशत सत्यापन कर सभी पात्रों को शीघ्र से शीघ्र लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इन योजनाओं का बुरा हाल
उज्ज्वला योजना में विभाग द्वारा 6,207 परिवारों का सत्यापन अभी भी लंबित है। अब तक किसी भी नए परिवार को इस चरण में जोड़ा नहीं जा सका है। इसी तरह विद्युत संयोजन योजना में बिजली कनेक्शन के लिए 4,465 परिवारों का सत्यापन लंबित पड़ा है, जिससे प्रगति शून्य है।
प्रमुख योजनाओं की वर्तमान स्थिति
-पीएम-सीएम आवास योजना : 1,270 में से केवल 36 (3%) पात्र परिवारों को ही लाभ मिला है।
-पीएम-सीएम जन आरोग्य योजना : इस योजना में 5,252 परिवारों का सत्यापन अब भी लंबित है।
-पीएम किसान सम्मान निधि : सर्वे में शामिल 1,597 में से 1,544 परिवार जांच में अपात्र पाए गए हैं।
-पेंशन योजनाएं : वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन के लिए भी सैकड़ों परिवारों का डेटा अभी प्रक्रियाधीन या लंबित श्रेणी में है।
-
योजना का नाम वंचित परिवार पात्र अपात्र सत्यापन लंबित मिला लाभ
पीएम आवास योजना 7155 1270 5837 27 21
राशन कार्ड 1256 1095 0 6 155
पीएम जन आरोग्य 5805 553 0 5252 0
पीएम किसान निधि 1597 27 1544 0 26
दिव्यांग पेंशन 220 97 87 01 35
निराश्रित महिला 688 33 611 0 44
वृद्धावस्था पेंशन 1132 347 713 0 72
श्रम कार्ड 7327 5958 1310 0 59
उज्जवला योजना 6207 0 0 6207 0
हर घर जल योजना 6018 33 5 5842 138
बेसिक शिक्षा 2619 204 230 1925 260
शौचालय 5113 15 103 3990 1005
एसएचजी 5016 35 8 4955 18
विद्युत संयोजन 4465 0 0 4465 0
बाल सेवा योजना 473 12 258 202 1
एमकेएसवाई 61 5 34 22 0
कुल 55152 9684 10740 32894 1834
हमारे बेटे की बहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। अभी तक हमारा आवास नहीं बना है। हमारे बच्चे बिना छत के ही घर में रहते हैं। छत पर टिन शेड डला हुआ है। आठ माह बाद भी आवेदन मंजूर नहीं हुआ है।
-रेखा, वीरनगर।
हमने एक साल पहले आवास योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन किया था। अभी तक हमारा आवास मंजूर नहीं हुआ है। हम अपने पुराने जर्जर आवास में ही टिन शेड डालकर रह रहे हैं।
-मोनिका, वीरनगर।
नौ साल पहले पति की मौत के बाद विधवा पेंशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक पेंशन नहीं मिली है। मैं दिव्यांग हूं, ज्यादा भागदौड़ करना भी मेरे वश की बात नहीं है।
-अज़ीज़न, सहपऊ