हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाले व खत्म करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सहूलियत और लंबे समय से की जा रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर चलने वाली दो प्रमुख स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
ट्रेनों के नियमितीकरण से न केवल यात्रियों को स्पेशल किराये के भारी बोझ से मुक्ति मिलेगी, बल्कि ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे जुड़ने से यात्रा भी अधिक सुगम और आरामदायक हो जाएगी। टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस (05061-62) अब नियमित होकर नई ट्रेन संख्या 15093-94 के रूप में आगामी 31 अगस्त से संचालित होगी।
वहीं, लालकुआं-बेंगलुरु सिटी साप्ताहिक एक्सप्रेस (05073-74) अब नियमित ट्रेन संख्या 15301-02 के नाम से पटरी पर दौड़ेगी। लालकुआं से यह सेवा 19 सितंबर तथा बेंगलुरु सिटी से 22 सितंबर से नियमित कर दी जाएगी। बता दें कि टनकपुर एक्सप्रेस का सप्ताह में पांच दिन संचालन होता है, जबकि बेंगलुरु सिटी एक्सप्रेस का सप्ताह में एक दिन ही संचालन किया जाता है। दो प्रमुख ट्रेनों के नियमित होने, किराये में भारी कटौती और अतिरिक्त श्रेणियों के जुड़ने से क्षेत्रीय यात्रियों, व्यापारियों व नौकरीपेशा लोगों को खासी सुविधा होगी।
इस तरह आएगा ट्रेनों के किराये में अंतर
-टनकपुर एक्सप्रेस (एसी चेयरकार) : अभी तक यात्रियों को एसी चेयरकार श्रेणी में यात्रा के लिए न्यूनतम 520 रुपये का भुगतान करना पड़ता था, जो अब घटकर मात्र करीब 270 रुपये रह जाएगा।
-बेंगलुरु एक्सप्रेस (स्लीपर क्लास) : स्पेशल ट्रेन के तौर पर स्लीपर क्लास के लिए जहां न्यूनतम किराया 400 रुपये वसूल किया जा रहा था, वहीं अब नियमित होने के बाद यह घटकर मात्र 150 रुपये रह जाएगा।
-बेंगलुरु एक्सप्रेस (एसी थ्री-ई) : एसी थ्री-टीयर इकोनॉमी श्रेणी का न्यूनतम किराया 1010 रुपये से सीधे आधा घटकर मात्र 520 रुपये हो जाएगा।
कोच संरचना और श्रेणियों में किया गया ये बदलाव
-टनकपुर एक्सप्रेस की नई कोच संरचना : नियमित होने के बाद इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के आठ डिब्बे, नॉन एसी चेयरकार के छह आरक्षित डिब्बे तथा एक एसी चेयरकार का डिब्बा शामिल होगा। उल्लेखनीय है कि पहले इस ट्रेन में केवल सामान्य व एसी चेयरकार की सुविधा थी और नॉन एसी चेयरकार में आरक्षण की व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी।
-बेंगलुरु एक्सप्रेस की नई कोच संरचना : अब इस ट्रेन में चार अनारक्षित कोच, छह स्लीपर कोच, दो एसी इकोनॉमी कोच, तीन थ्री टियर एसी कोच और एक टू टियर एसी कोच लगाया जाएगा। पूर्व में इस गाड़ी में केवल सामान्य, स्लीपर और एसी इकोनॉमी श्रेणी के डिब्बे ही उपलब्ध थे।