नगर पालिका के कर्मचारी गौरव दीक्षित की मौत मामले में पत्नी दुर्गेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। मां ने बेटे की मौत के लिए बहू को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के घर में सीसीटीवी लगे हुए थे। पुलिस ने घटना से पहले ही सीसीटीवी रिकॉर्डिंग हासिल कर ली हैं, जिन्हें विवेचना में शामिल किया जाएगा। घटना से मां सदमे में है।
13 अगस्त की रात करीब आठ बजे गौरव की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। बहनोई मदन की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया था। उन्हें आशंका थी कि गौरव की हत्या हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, लेकिन मौत की वजह स्पष्ट न होने विसरा सुरक्षित किया गाय।
इधर, मां ममता की ओर से बहू दुर्गेश के खिलाफ तहरीर दी गई, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट के अनुसार ममता ने बताया कि रोजाना की तरह जब बेटा काम से घर लौटा तो उस समय बहू उनसे झगड़ रही थी। बेटे ने मामला शांत करने का प्रयास किया तो बहू चीखने-चिल्लाने लगी और बेटे से भी अभद्रता की।
लगभग आधा घंटे तक घर में हंगामा चला। इसके बाद वह ऊपर अपने कमरे में चला गया। रोज-रोज की क्लेश से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। मां के अनुसार गौरव ने गले में फंदा लगा लिया था। मां ने बताया झगड़े की घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर का कहना है कि मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।