हाथरस। अपंजीकृत चिकित्सकों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। विभिन्न टीमों ने एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया, जबकि 25 अस्पताल, क्लीनिक व लैब संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार भारती के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाथरस जंक्शन, मेंडू और हसायन क्षेत्र में कई चिकित्सा संस्थानों की जांच की।
इस दौरान मेंडू चौराहा स्थित अजय प्रताप राजपूत के क्लीनिक, रामगोपाल सिंह के क्लीनिक, देवी नगर स्थित श्याम पैथोलॉजी, महेश कुमार लाइफ केयर हॉस्पिटल और रति का नगला (हसायन) स्थित सुजान सिंह व दिनेश कुमार के क्लीनिक का निरीक्षण किया गया। जांच में ये सभी संस्थान पंजीकृत तो मिले, लेकिन मौके पर मानक अधूरे पाए गए।
इन सभी को नोटिस देकर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। रति का नगला में जितेंद्र कुमार-विपिन कुमार दांतों का अस्पताल के संचालक टीम को देखते ही मौके से भाग गए, जिसके बाद टीम ने अस्पताल के दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर दिया।
सहपऊ में अवैध क्लीनिक सील
डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह की टीम ने सहपऊ ब्लॉक में ओमकार के अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके अलावा टीम ने गुटेरा में देवेंद्र व हरेंद्र के क्लिनिक तथा नगला कांची में हाकिम के क्लीनिक को नोटिस थमाया है।
सादाबाद में एसीएमओ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 को नोटिस
एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता ने सादाबाद क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापा मारते हुए 10 क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब को नोटिस जारी किए। इनमें बिसावर स्थित डॉ. सत्येंद्र सिंह, डॉ. देवेंद्र चौधरी (शकुंतला क्लीनिक) व डॉ. आरएम विश्वास (बंगाली दवाखाना) शामिल हैं। इसके अलावा सादाबाद के नगला पचौरी स्थित डॉ. अमित चौधरी, मोहल्ला नई बस्ती के डॉ. बंगाली, बिहारी धाम कॉलोनी स्थित डॉ. रेवती (बलदाऊ हॉस्पिटल), राधिका पैथोलॉजी (डॉ. भूपेंद्र सिंह), दिया हॉस्पिटल, वैशाली पैथोलॉजी और वैष्णवी पैथोलॉजी को नोटिस दिए गए हैं। जांच के दौरान दिया हॉस्पिटल, वैष्णवी पैथोलॉजी और राधिका पैथोलॉजी में पंजीकरण होने के बावजूद मौके पर कोई पंजीकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिला।
मुरसान में भी चार संस्थानों पर गिरी गाज
मुरसान विकास खंड में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने सादाबाद रोड स्थित बी हॉस्पिटल, मथुरा रोड स्थित श्रीराम हॉस्पिटल, रेलवे रोड स्थित एमजी हॉस्पिटल और जेडी पैथोलॉजी लैब को अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किया है। सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने कहा कि झोलाछाप और मानकविहीन संस्थानों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।