धूप निकलने के बाद मेला परिसर में लगी दुकानों पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
- फोटो : Samvad
शहर में शनिवार को पूरे दिन हुई झमाझम बारिश ने एक ही दिन में मेला श्रीदाऊजी महाराज के कारोबार को करीब 14 लाख रुपये की चपत लगाई है। दिन भर दुकानों के काउंटर खाली-पड़े रहे और झूले व खेल-तमाशों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि रविवार को मौसम साफ होने से मेले में फिर रौनक बढ़ गई।
शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण मेला परिसर के कच्चे मार्गों पर कीचड़ व फिसलन हो गई थी। सुरक्षा कारणों से आसमानी झूले, मिक्सर झूले और ड्रैगन ट्रेन का संचालन लगभग ठप रहा था। इसके अलावा दाऊ बाबा के पारंपरिक प्रसाद माखन-मिश्री, बच्चों के खिलौनों और मीना बाजार में सौंदर्य प्रसाधनों के स्टॉलों पर ग्राहक नदारद रहे।
आइसक्रीम, कुल्फी और कोल्ड ड्रिंक की मांग मौसम ठंडा होने से शून्य हो गई थी, जिससे दूर-दराज के जनपदों से आए दुकानदारों को भारी आर्थिक झटका लगा था। झूला व सर्कस सेक्टर को करीब पांच से छह लाख का नुकसान हुआ, क्योंकि शनिवार को मिक्सर, नाव और आसमानी झूलों के टिकट काउंटर दिनभर बंद जैसे रहे।
खानपान व आइसक्रीम स्टॉल को करीब चार लाख, मीना बाजार व खिलौना सेक्टर को करीब तीन से चार लाख का नुकसान हुआ, क्योंकि भीगने के डर से दुकानदार पूरे दिन प्लास्टिक व तिरपालों में सामान बांधकर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। रविवार को अच्छी भीड़ मेले में आने के कारण दुकानदारों ने राहत की सांस ली। संवाद