विषाक्त वनस्पति खाकर बीमार हुई भैंसों का उपचार करते पशु चिकित्सक। स्रोत : विभाग
- फोटो : Department
एटा रोड स्थित गांव महमूदपुर असदपुर में एक पशुपालक की करीब 10 भैंसों की अचानक तबीयत बिगड़ने से खलबली मच गई। देखते ही देखते कई भैंसें जमीन पर गिर गईं, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार सभी भैंसों ने पहले खेत में घास खाई और बाद में गांव के रजबहे का पानी पीया। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सूचना पर पशुपालक ने सरकारी हेल्पलाइन पर संपर्क किया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर सहायता नहीं मिली। इसके बाद निजी पशु चिकित्सकों से उपचार शुरू कराया गया। बाद में सिकंदराराऊ से सरकारी पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बीमार भैंसों का उपचार किया।
पशु चिकित्सा प्रभारी केसी लोधी ने बताया कि प्रथमदृष्टया घास के साथ जहरीली वनस्पति खाने से पशुओं की हालत बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि भैंस की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा। संवाद