पुलिस की गिरफ्त में गैंगवार का आरोपी विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू राणा। स्रोत : पुलिस
- फोटो : Police
हतीसा बाईपास पर 10 दिन पहले आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हुई गैंगवार में शामिल एक आरोपी विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू राणा को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में कुछ और नाम तो सामने आए, लेकिन पुलिस वजह स्पष्ट नहीं कर सकी कि आखिर इसी रंजिश की वजह क्या है।
गौरतलब है कि इस घटना में एक ही क्षेत्र के दो गैंग अचानक आमने-सामने आए गए थे, जिसके बाद एक-दूसरे पर जमकर फायर झोंके गए थे। पुलिस सामने आए नामों के बारे में छानबीन में जुट गई है।
घटना के बाद पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज की गई थी। एक पक्ष से विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू राणा (सामंत पट्टी, चंदपा), संदीप (गढ़ी बलना, हाथरस जंक्शन), हिस्ट्रीशीटर मोना ठाकुर (नगला इमलिया) व सूर्या तथा दूसरे पक्ष से शानू (गंगचौली, हाथरस जंक्शन), अनुज उर्फ घोड़ी (पुत्र कुंवरपाल उर्फ घोड़ी, निवासी गंगचौली), जितेंद्र (खेड़ा परसौली, चंदपा) और हेमू ठाकुर उर्फ सचिन (गंगचौली) को नामजद किया गया था।
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए छोटू राणा पर मारपीट व जानलेवा हमले के तीन और मुकदमे दर्ज हैं, जो कि पुराने हैं।इस गैंगवार वाले मुकदमे के बाद छोटू पर गांव जोगिया में प्लॉट के विवाद में फायरिंग के आरोप में भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सीओ ने बताया कि दोनों ही मामलों में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने छोटू की गिरफ्तारी की है। छोटू के पास से कोई बरामदगी नहीं की गई है। अब पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।