हाथरस। मोहल्ला लाला का नगला और लक्ष्मीनगर में बिन बारिश के गलियों में जलभराव होने से लोगों का हाल-बेहाल है। गंदा पानी गलियों में भरने से कई परिवार के लोग तो घरों में ही कैद हो गए। छोटे-छोटे बच्चे व वृद्धजनों को सर्वाधिक परेशानी उठानी पड़ी।
आए-दिन बिन बारिश के गलियों में जलभराव होने से लोगों ने सोमवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि लाला का नगला व लक्ष्मीनगर में आए-दिन जलभराव हो जाता है। गली काफी नीची है और पानी भरने पर गंदा पानी घरों में भी घुस जाता है। गलियों में जलभराव की समस्या पिछले 20 साल से बनी हुई है। इस संबंध में नगरपालिका प्रशासन को भी अवगत कराया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गली निर्माण का बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास हो चुका है, फिर भी अभी तक गली का निर्माण नहीं हुआ है। यदि यही हाल रहा तो स्थानीय लोग पालिका का घेराव करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में राजबाबू गहलोत, डॉ. विष्णु सारस्वत, जाकिर, साबिर, वसीम, मोनू कुरैशी, नदीम, जुग्गा, इमरान, पप्पू, मो. शाकिर कुरैशी, चौधरी साहब, गुड्डा, दानिश राना सहित काफी लोग शामिल थे।
लाला का नगला में गली निर्माण का प्रस्ताव पास हो गया है। अभी आचार संहिता चल रही है। आचार संहिता खत्म होने के बाद गली का निर्माण कराया जाएगा। लक्ष्मीनगर गली का निरीक्षण कर उसे भी बनवाया जाएगा। -वासुदेव माहौर, चेयरमैन प्रतिनिधि।
चेयरमैन से गली निर्माण की मांग उठाईहाथरस। मोहल्ला लक्ष्मीनगर के बाशिंदों ने इंदिरा गांधी गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल के सामने गली में बिन बारिश जलभराव होने की समस्या को लेकर पालिका चेयरमैन और ईओ के नाम पत्र दिया है। लोगों का कहना है कि गली नीची होने के कारण आए-दिन जलभराव हो जाता है। गली का शीघ्र ही निर्माण कराया जाए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़। गली निर्माण की मांग करने वालों में पवन बाबू, गीता, विमला, कमला, ममता रानी, प्रदीप सक्सेना, छोटे लाल, रानी देवी, सुनहरी देवी, पवन शर्मा, अनिल कुमार, बनवारी लाल, राजकुमारी, हीरा लाल, जगदीश, मटरुआ, दिनेश वार्ष्णेय, राम वार्ष्णेय, बनावरी लाल गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, अनिल गुप्ता, सुनील बाबू आदि शामिल थे।