जाम लगाते रामनगर लोगों को समझाते कोतवाल मनोज शर्मा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझ रहे रामनगर कॉलोनी के बाशिंदों का सब्र जवाब दे गया। शुक्रवार को काफी संख्या में लोगों ने मथुरा रोड को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस से भी लोगों की नोक-झोंक हो गई। प्रदर्शनकारी लगातार नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
गंदगी और जलभराव से पूरे शहर में नरक समान हालात बने हुए हैं। विभिन्न इलाकों के लोग नारेबाजी और प्रदर्शन कर विरोध भी जता रहे हैं, लेकिन नगर पालिका बेसुध है। इलाकों की सफाई को लेकर कोई सार्थक कदम नहीं उठाए जा रहे। गर्मी का मौसम आ गया है। ऐसे में गली-मोहल्लों में हो रहे जलभराव से लोगों में संक्रामक रोग फैलने का डर भी बढ़ गया है। बदबू की वजह से घरों में रहना मुहाल हो गया है और कई जगह सड़कों पर जलभराव होने से आवागमन ठप्प होकर रह गया है। इससे लोग बेहद परेशान हैं। मथुरा रोड स्थित रामनगर कॉलोनी में काफी समय से नरक समान हालात बने हुए हैं। कई स्थानों पर जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थानीय बाशिंदों ने नगर पालिका चेयरमैन, सभासद और अन्य प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसे लेकर शुक्रवार को कॉलोनी के लोगों का गुस्सा भड़क गया। काफी संख्या में पुरुष-महिलाएं एकत्रित होकर मथुरा रोड पर आ गए। पहले तो इन लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, फिर मथुरा रोड को जाम कर दिया। करीब आधा घंटे तक लगे जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस कर्मियों से भी इन लोगों की नोक-झोंक हो गई। बाद में एसओ मनोज शर्मा ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया।