दूसरे दिन बिजली अधिकारियों ने भरी हुंकार
विभिन्न मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर दिया धरना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के बैनर तले दूसरे दिन मंगलवार को बिजली महकमे के एसडीओ और अवर अभियंताओं ने काम से विरत रहते हुए अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर नारेबाजी करते हुए धरना दिया। धरना स्थल पर पहुंचे उपभोक्ताओं की समस्याओं को भी सुना।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे के जेई और एसडीओ लंबे समय से विभिन्न मांग कर रहे हैं। निगम के अफसर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे नाराज होकर महकमे के अधिकारियों ने काम नहीं किया। सरकारी मोबाइल नंबर भी बंद रखे। ओढ़पुरा बिजली कार्यालय पर धरना देते हुए नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष शेर सिंह निमेष ने कहा कि यदि शीर्ष ऊर्जा प्रबंधन हमारे मांग पत्र पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता है तब आंदोलन निरंतर जारी रहेगा और तेज होगा। पुरानी पेंशन बहाल की जाए आदि विभिन्न मांगें हैं। अध्यक्षता शेर सिंह निमेष ने की और संचालन कौशल गुप्ता ने किया। धरना-प्रदर्शन में सत्यवीर सिंह, संजीव शर्मा, विवेक सारस्वत, गोपीचंद्र भास्कर, पंकज चौबे, टीपी सिंह, नेम सिंह, भूप सिंह, अजय गोपाल, ललित यादव, कमल सिंह, बृजेश कुमार, जितेंद्र यादव आदि थे।