शहर के 1,500 बिजली बकाएदार महकमे के रडार पर
बिजली अफसरों ने 10 हजार से ऊपर के बकाएदारों की सूची की तैयार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर के 1,500 बकाएदार बिजली महकमे के रडार पर हैं। बिजली अफसरों ने दस हजार से ऊपर के बकाएदाराें की सूची तैयार कर जेई और एसडीओ को सौंप दी है। जल्द ही इन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे का जिस हिसाब से जिले के लोगों को बिजली आपूर्ति दे रहा है, उस हिसाब से राजस्व हासिल नहीं हो रहा है। शहर में 35 प्रतिशत और देहात में 60 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए अब फीडर वार समीक्षा होगी। अब अफसरों ने बकाया के साथ चेकिंग अभियान चलाने की कार्य योजना तैयार कर ली है।
शहर के 1,500 बकाएदारों की अफसरों पर तिरछी नजर है। इनकी सूची जेई, एसडीओ को दे दी गई है। जल्द से जल्द बकाया वसूली करने के साथ बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्र का कहना है कि शहर के 10 हजार से ऊपर के 1,500 बकाएदाराें की सूची तैयार हो गई है। यह सूची संबंधित जेई और एसडीओ को दे दी गई है। जल्द इन पर कार्रवाई की जाएगी।