खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र में गिजरौली के निकट रविवार को टाप रोड पर एक महिला का रक्तरंजित शव गेहूं के खेत में मिला था। 24 घंट के अंदर ही पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को मुठभेड़ में दबोचा। अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि महिला से पुरानी जान पहचान थी तथा उसके यहां आना-जाना था। अचानक से महिला का व्यवहार बदल जाने के कारण क्षुब्ध होकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि 26 फरवरी की रात में ग्राम नहरोई की पुलिया के पास हुई पुलिस मुठभेड के बाद जवाबी फायरिंग में दो शातिर अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जिनको उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार किए गए हाथरस कोतवाली के गिजरोली निवासी मुरारी पुत्र रमेशचंद्र और बन्टू पुत्र प्यारे से पूछताछ की गई।
अभियुक्त मुरारी ने पूछताछ में बताया गया कि उसकी मृतक महिला से पुरानी जान पहचान थी तथा उसके यहां आना-जाना था। अचानक से मृतक महिला का व्यवहार बदल जाने के कारण, इस बात से क्षुब्ध होकर अभियुक्त मुरारी के द्वारा अपने साथी बन्टू व प्रमोद के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी गई।
ये हुआ बरामद
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से दो अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिन्दा कारतूस 315 बोर, तीन खोखा कारतूस 315 बोर और एक मोटरसाइकिल टीवीएस स्टार यूपी बी6 एबी 54131 को बरामद किया है।