जिले की चारों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम अमित कुमार सिंह ने पूरे अमले के साथ सदर तहसील में शिकायतें सुनीं, जबकि बाकी तहसीलों में संबंधित एसडीएम ने दरबार लगाया। संपूर्ण समाधान दिवसों में फरियादियों का तांता लगा रहा। सदर तहसील में कुल 108 शिकायतें आईं, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई गई।
डीएम ने जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए शासन-प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त की और इनका प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में कोताही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को हाथरस तहसील में जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने एसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ समस्याओं की सुनवाई की।
डीएम ने सभी प्रार्थना पत्राें को अधिकारियों को संदर्भित कर गुणवत्ता सहित एक सप्ताह में निस्तारण करके पीड़ित लोगों को राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अलावा कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक ढंग से खेतीबाड़ी करने, फसल उत्पादन में वृद्धि के लिए वैज्ञानिक तौर-तरीके अपनाने तथा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशुओें में होने वाले रोगों तथा उनके निदान के लिए आवश्यक उपायों के बारे में पशुपालकों को जानकारी दी गई।
जिले के सासनी तहसील दिवस पर कुल 32 शिकायतों में से दो शिकायतों का निस्तारण, सादाबाद तहसील में कुल 18 शिकायतें आईं। तहसील सिकंदरारऊ में कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं।
सासनी में तहसील परिसर में तहसीलदार ठाकुर प्रसाद की अध्यक्षता में संपूर्ण तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें गत तहसील दिवस का रजिस्टर को देखा। अधिकारियों की उपस्थित का भी सत्यापन किया। मात्र 32 शिकायतें दर्ज की र्गइं। सभी शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के लिए संबधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इनमें से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। खंड विकास अधिकारी की छह, राजस्व की 11, पुलिस 10, विद्युत दर्ज की गई, जिनमें सभी शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारण के लिए संबधित विभागाें के अधिकारियों को निर्देश दिए। एबीएसए अखिलेश यादव, एसडीओ नागेंद्र सिंह, कानूनगो शिवा यादव, आरके वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र बाबू, लखपति सिंह, शंकर सिंह, राजकुमार, प्रेमपाल, सचिन कुमार, शिवकुमार दीक्षित आदि थे।