हाथरस से जलेसर तक सफर करने वालों की दिक्कतें जल्द दूर हो सकती हैं। जलेसर में रोडवेज का नया डिपो बनने के बाद अब हाथरस और जलेसर के बीच रोडवेज बसों की संख्या बढ़ जाएगी। परिवहन निगम द्वारा नए जलेसर डिपो के संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
डिपो को क्रियाशील बनाने के लिए हाथरस व अन्य पड़ोसी डिपो से स्टाफ की अस्थायी रूप से तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही विभिन्न मार्गाें के लिए रूट चार्ट तैयार करने का काम भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द मार्गाें पर बस सेवा शुरू की जा सके।
हाथरस और जलेसर के बीच सीधी और सुगम बस सेवा उपलब्ध कराने पर निगम का खासा ध्यान है। हाथरस डिपो द्वारा जलेसर मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। नया डिपो पूरी तरह शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच लगातार बसें उपलब्ध रहेंगी, जिससे दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को प्राइवेट वाहनों या डग्गामार वाहनों के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा।
फिलहाल एक सरकारी बस के भरोसे है पूरा मार्ग
वर्तमान में हाथरस डिपो की ओर से इस रूट पर महज एक ही रोडवेज बस का संचालन किया जा रहा है। यह बस हाथरस से चलकर जलेसर पहुंचती है और फिर वहां से लौटकर नोएडा रवाना होती है। एक ही बस होने के कारण यात्रियों को समय पर बस न मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।