अब किसानों को मिलेगी 50 फीसदी सब्सिडी पर जिप्सम
शासन की ओर से जिले में भेजी गई 132 एमटी जिप्सम, डीबीटी के जरिए मिलेगी सब्सिडी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले के किसानों को अब 50 फीसदी सब्सिडी पर दलहनी फसलों की पैदावार के लिए जिप्सम आसानी से मिल सकेगा। कई सालों के बाद शासन की ओर से जिले में 132 मीट्रिक टन जिप्सम भेजा गया है। कृषि विभाग की ओर से इस जिप्सम को ग्रामीण क्षेत्रों के डीलरों के यहां भेज दिया गया है, ताकि किसानों को अपने क्षेत्र में ही जिप्सम मिल सके।
दलहनी फसलों की गुणवत्ता और पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों द्वारा जिप्सम का प्रयोग किया जाता है। हर बार किसानों को जिप्सम मार्केट से कंपनियों के द्वारा निर्धारित किए गए रेटों पर खरीदनी पड़ती थी। खासकर आलू की फसल में जिप्सम का प्रयोग सर्वाधिक मात्रा में किया जाता है। यहां जिले में सादाबाद , मुरसान क्षेत्र में आलू की पैदावार काफी मात्रा में की जाती है। इसलिए यहां के किसानों को शासन द्वारा भेजी गई इस जिप्सम से अत्याधिक लाभ मिलेगा। पिछले करीब चार सालों से जिप्सम को यहां जिले में भेजा नहीं जा रहा था।
कृषि विभाग के अधिकारियों की डिमांड पर इस बार जिले में जिप्सम की 132 एमटी की रैक भेजी गई है। इस रैक को कृषि विभाग की ओर से सभी डीलरों पर भेज दिया गया है। किसानों को जिप्सम को 50 किलो का पैक 230.45 रुपये में मिलेगा। किसानों जिप्सम की खरीद पर 50 फीसदी का अनुदान भी दिया जाएगा। यह अनुदान किसानों को डीबीटी के माध्यम से दिया जाएगा। किसान को एक हेक्टेयर के लिए अधिकतम तीन कुंतल की मात्रा में जिप्सम दी जाएगी।
जिले में जिप्सम की रैक आने से यहां के किसानों को काफी राहत मिलेगी। किसानों को जिप्सम खरीद पर 50 फीसदी का अनुदान भी मिलेगा।
-एचएन सिंह, उपकृषि निदेशक