संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
विद्युत उपभोक्ता के यहां चोरी से जलती हुई बिजली पाने पर अब उसे तत्काल नोटिस दिया जाएगा। यह काम बिजली थाने के कर्मी सबस्टेशन पर तैनात संविदा कर्मी की मदद से करेंगे, जिससे उपभोक्ता राजस्व जमा कर आगे की कार्रवाई से बच सके ।
बता दें कि शहर में 40 व देहात में 60 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है। बिजली थाने में अब तक 67 सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। अधिकांश बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं की यही शिकायत रहती है कि हमारे यहां चोरी नहीं हो रही थी। इसकी सूचना भी नहीं दी गई। सूचना पहुंचने में कई दिन लग जाते हैं।
इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए बिजली थाने के कर्मियों ने जिले के सभी प्रधानों की सूची बनाई। बिजली थाना प्रभारी अवधेश कुमार जादौन का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी पकड़ी जाती है। उनके यहां सबस्टेशन पर तैनात संविदा कर्मी की मदद से नोटिस पहुंचाया जाएगा। ताकि वह थाने में आकर संपर्क कर राजस्व आदि जमा कर सकें। आगे की कार्रवाई से भी बच सकें।