राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना का काम कर रही संस्था एक्युरेट को अब एमडी स्तर से अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। संस्था से साफ शब्दों में कह दिया गया है कि योजना के तहत विद्युतीकरण के काम को सिंतबर तक पूरा कर लिया जाए, अन्यथा उसे ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा।
जिले में 1,282 मजरे और 25 गांव का विद्युतीकरण का कार्य एक्युरेट संस्था द्वारा किया जा रहा है। एक्युरेट द्वारा किए जा रहे विद्युतीकरण के काम की गति इतनी अधिक धीमी रही कि दो साल से अधिक समय में यह संस्था सिर्फ करीब 193 गांव-मजरों में ही विद्युतीकरण का काम कर सकी।
काम की अत्यधिक धीमी गति को लेकर पूर्व में अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता स्तर से भी संस्था को नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन संस्था के काम में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद मुख्य अभियंता द्वारा कई बार इस संस्था को ब्लैक लिस्टेड करने के लिए भी उच्चाधिकारियोें को पत्र लिखे गए, लेकिन इसे ब्लैक लिस्टेड नहीं किया गया।
मुख्य अभियंता बीएस गंगवार ने बताया कि एक्युरेट को एमडी स्तर से विद्युतीकरण के संबंध में फाइनल नोटिस जारी कर दिया गया है। सिंतबर तक विद्युतीकरण के काम को पूरा करने की हिदायत दी गई है, यदि काम पूरा नहीं हुआ तो इस संस्था को ब्लैक लिस्टेड किए जाने की संस्तुति कर दी जाएगी।