राजस्व वसूली में पिछड़ चुके हाथरस के बिजली महकमे ने बकाया वसूलने के लिए कड़ा रुख अपना लिया है। शहर में 10 हजार से अधिक के करीब 550 से अधिक बकाएदारों को धारा तीन के तहत नोटिस जारी कर दिया गया है। अब इन बकाएदारों को तय समय में यह बकाया अदा करना होगा।
गौरतलब हो कि जिले में बिजली महकमे का उपभोक्ताओं पर करीब 400 करोड़ का बकाया निकल रहा है। जनवरी माह में करीब 44 करोड़ रुपये का बकाया वसूलने का लक्ष्य जिले के चारों विद्युत वितरण खंडों को दिया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए चारों खंडों के अधिकारियों ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता आदित्य पांडेय ने बताया कि शहर के 4800 से अधिक ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन पर 10 हजार से अधिक का बकाया चल रहा है।
इनमें से पहले चरण में 550 बकाएदारों को सेक्शन तीन के तहत नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस में कहा गया है कि तय समय में बकाया जमा कर दें, तय तिथि तक देय जमा न करने पर पूर्ण देय, नोटिस और वसूली की लागत सहित भू राजस्व के रूप में वसूली की जाएगी। इसके लिए बकाएदार उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल्द ही अन्य बकाएदारों को भी नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
------