एक बैंक की शाखा में सोमवार कर दोपहर उस समय हंगामा हो गया जब बैंक के बाहर लगे एटीएम से एक दो हजार का नकली नोट निकल आया। पीड़ित का बैंक प्रबंधक पर आरोप है कि उसके शिकायत करते ही प्रबंधक ने एटीएम खोल कर दो हजार के सभी नोट निकाल लिये तथा एटीएम बंद कर दिया।
एटा रोड स्थित गांव लालगढ़ी निवासी प्रशांत पुत्र श्रीनिवास ने कार्ड के माध्यम से एटीएम मशीन से दस हजार रुपये निकाले। प्रशांत को एक नोट पर शक हुआ तो वो सीधा प्रबंधक के पास पहुंचा तथा उन्हें नोट दिखाया। जब प्रशांत ने कहा कि नोट तो आपके एटीएम से ही निकला है तो मैनेजर सकपका गया तथा बाहर आकर उसने एटीएम मशीन खोल कर उसमें रखी ट्रे से सभी दो-दो हजार के नोट निकाल लिए तथा एटीएम बंद कर दिया। इसके पश्चात बैंक पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस संदर्भ में शाखा प्रबंधक ने बताया कि हमारे एटीएम में नकली नोट होने का सवाल ही नहीं है। मामले को कोतवाली में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।