सादाबाद और सहपऊ के 28 परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन वितरित न किए जाने के मामले में बुधवार को संबंधित एनजीओ को नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति भारती ने श्याम ग्रामोद्योग संस्थान नगला बादशाह छर्रा अलीगढ़ को जारी किया है और संचालक से स्पष्टीकरण मांगा है।
नोटिस में बीएसए ने कहा है कि एसडीएम व खंड शिक्षाधिकारी सादाबाद ने 11 मार्च को अवगत कराया कि पीएम पोषण योजना के तहत 28 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का वितरण नहीं कराया गया है। इससे स्पष्ट है कि संस्था द्वारा भोजन वितरण के कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। पूर्व में भी संस्था को मध्याह्न भोजन का वितरण मीनू और मानक के अनुसार नियमित रूप से किए जाने के लिए निर्देशित किया जा चुका है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं किया जा रहा है। बीएसए ने समस्त आवंटित विद्यालयों में समय व गुणवत्तापूर्वक मानक के अनुरूप मध्याह्न भोजन का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं और चेतावनी दी है कि इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।