नोडल अधिकारी ने परखीं गोशाला की व्यवस्थाएं
गोशाला परिसर में पशुओं की गणना और टैगिंग कराने के निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी। नोडल अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश ने मंगलवार की दोपहर को पराग डेयरी में बनी अस्थायी गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाला की व्यवस्था में लगे अधिकारी और कर्मचारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण में गोशाला में मौजूद गोवंश का भौतिक सत्यापन किया। गोशाला से संबंधित रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उनके साथ जनपद स्तरीय पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
दरअसल शासन ने अस्थायी गोशालाओं के सत्यापन के लिए पशुपालन विभाग के डॉ. ओमप्रकाश को नोडल अधिकारी नामित किया है। मंगलवार को नोडल अधिकारी ने जिले की सभी गोशालाओं का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में आठ गोशाला संचालित हैं, जिनमें चार ग्रामीण अंचल में और चार शहरी क्षेत्र में संचालित हैं। दो गोशालाएं निमार्णाधीन हैं। पराग डेयरी परिसर में बनी अस्थायी गोशाला के निरीक्षण में बिजली, पानी और चारे की व्यवस्था दुरुस्त पाई गई। पशुओं को बैठने के लिए टीन शेड की व्यवस्था दुरुस्त पाई गई। गोशाला में मौजूद पशुओं की गणना एवं टैगिंग की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
गोशाला में मौजूद गोवंश के गोबर को उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में आवारा गोवंश को बाहर नहीं छोड़ा जाए। इस मौके पर डॉ. आरके गुप्ता, डॉ. हीरालाल, सीबीओ, सचिव कुलदीप सिंह, मनोज रॉठी आदि मौजूद थे।