गांव बूलगढ़ी में मंगलवार की रात बाइक निकालने पर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों में लाठी-डंडे चले। झगड़े में दोनों पक्ष से नौ लोग घायल हो गए। 20 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि गांव निवासी शिवा डेयरी पर दूध लेने गया था। दूध लेने के दौरान बाइक निकालने को लेकर वहां मौजूद पवन से उसका झगड़ा हो गया। पहले तो दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। झगड़े में वाल्मीकि समाज की तरफ से संतोष, सबीना, शिवा, केशव, शीतल और राजकुमार सहित छह लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से अनिल, पवन और सपना सहित तीन लोग घायल हुए हैं। गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने एक पक्ष के पवन की तहरीर पर शिवा, केशव, संतोष, राजकुमार, विनय, विनोद, राहुल, जितेंद्र, शीतल, सबीन और मंजू सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर पवन, सुरेश, जेक्शन, भूरी सिंह, अनिल, हरेंद्र, प्रकाश, वीरेश और शिवा सहित नौ लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव में एहतियातन पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। सूत्र बताते हैं कि जल्द ही क्षेत्र के लोग प्रशासन के अधिकारियों से मिलेंगे। चर्चा है कि समाज के प्रमुख लोग बैठक भी कर रहे हैं। पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। झगड़ा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।