नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया फाइनल होने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार की देर शाम अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह निकायों में किसी भी प्रकार से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होने दें। उन्होंने निर्देश दिए कि अगर कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाता है तो विधिवत रूप से रिपोर्ट दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए।
गौरतलब है कि जिले में 22 नवंबर को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है। इस चुनाव को निष्पक्ष रूप से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम अमित कुमार सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह राज्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप अपनी निष्पक्ष भूमिका का निर्वहन करें। किसी भी स्तर पर अधिकारियों की किसी पक्षपातपूर्ण रवैये की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निकाय चुनाव के दौरान जहां भी उन्हें आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मिले, उसके खिलाफ तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर रिपोर्ट दर्ज कराने की विधिवत रूप से कार्रवाई करें। जहां भी निर्वाचन को प्रभावित करने वाली सामग्री शराब, नोट एवं दावतों की शिकायत मिले तो उसकी पूरी गंभीरता के साथ निगरानी करें। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य भी जुटाने के प्रयास करें, जिससे कार्रवाई के बाद कोई भी प्रत्याशी बच नहीं सके और साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
बैठक में एसपी सुशील घुले, एडीएम रेखा एस चौहान, एसडीएम सदर अरुण कुमार, अंजुम बी, एसडीएम सादाबाद इंद्रसेन यादव और एसडीएम सिकंदराराऊ ज्योत्सना बंधु, सीओ सिटी सुमन कनौजिया, सीओ सादाबाद योगेश कुमार, सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह के अलावा सभी पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।