मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पित करते कोल्ड स्टोर संचालक।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। भगवा थैला कंधे पर डालकर 517 रामभक्तों की टोलियां नगरों, बस्तियों व ग्राम पंचायतों में निकल गई। अभियान का शुभारंभ विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया गया। उसके बाद भगवान श्री राम की पूजा अर्चना कर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
जिला प्रचारक धर्मेंद्र ने निधि संकलन के लिए निकले भक्तों को चंदन तिलक लगाया। धर्मेंद्र ने कहा कि राम नाम तो अमृत के समान है। यह चंदन की भांति शीतल है। राम हिंदू धर्म के आस्था का केंद्र हैं। राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है जो गौरव की बात है। उन्होंने सभी हिंदू परिवारों से आह्वान करते हुए कहा कि आओ हम सब तन मन से प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण में योगदान दें। छोटा सा भी योगदान श्री राम के चरणों में आपकी सेवा हो सकती है। इस मौके पर मां केलांचल कोल्ड स्टोरेज के संजय सेंगर ने एक लाख 51 हजार का समर्पण चेक जिला प्रचारक को भेंट किया।