सहपऊ कस्बा में साल के अंतिम दिन बुधवार को मंदिरों में भव्य सजावट की गई। मां भद्रकाली मंदिर एवं बाबा खाटू श्याम के मंदिरों और प्रतिमाओं को फूलों से सजाया गया। काफी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही इन मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचने लगे। सभी ने मां काली और बाबा खाटू श्याम से आने वाले साल में खुशहाली की कामना की।
तिरंगा लाइटों से जगमगाया जीटी रोड
सिकन्दराराऊ नगर पालिका परिषद ने इस बार नए साल से पहले शहर के जीटी रोड को तिरंगा रोशनी में सराबोर कर दिया। जीटी रोड पर लगे बिजली के खंभों पर तिरंगा लाइट लगाई गई है, जोकि बुधवार को शाम ढलते ही जगमगा उठी। एटा रोड रेलवे फाटक से लेकर के पंत चौराहे तक एक किलोमीटर के दायरे में खंभे पर लगाई गई तिरंगा लाइट आकर्षण का केंद्र बनी रही।
बांकेबिहारी मंदिर में हुआ भजन-कीर्तन
सिकंदराराऊ नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी स्थित बांके बिहारी इस्कॉन मंदिर में भजन-कीर्तन के मध्य नए साल का स्वागत किया गया। यह अवसर पर मंदिर को फूलों से सजाया गया और भव्य आरती की गई। प्रसाद के रूप में भक्तों को पटका और मिष्ठान का वितरण किया गया।बता दें कि नव वर्ष के स्वागत के लिए नगर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। होटल-रेस्टोरेंट को जहां आकर्षक थ्री डी लाइटों से सजाया गया है, वहीं नगर में जगह-जगह आइसक्रीम, पेस्ट्री, सॉफ्टी एवं फास्ट फूड की बिक्री की जा रही है। नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित भगवान बांके बिहारी राधारानी मंदिर में बांके बिहारी जी का भव्य शृंगार किया गया। पूरे मंदिर को फूलों को सुसज्जित किया गया। रात्रि के 12 बजे तक यहां भगवान बांके बिहारी का भजन-कीर्तन हुआ।